आलू-चिली - चैप्टर-२९

तीन महीने बाद, गर्मियों की छुट्टियाँ खत्म हो गई थीं। स्कूल में नए साल का पहला दिन था।

‘कॉफी, तुमने मुझे म्युज़िक का जो नया राग भेजा था न, उस पर मैंने और चिली ने एक सॉन्ग बनाया और थीओ के कैफे में वह सॉन्ग गाया। थीओ हमारे सॉन्ग में इतना खो गया कि वह रिज़ो, जिफ्फी और ज़ोई का चिली शेक पी गया!’ कोको वीडियो कॉल पर कॉफी के साथ बातें कर रही थी। कॉफी बोली,  ‘यार कोको, मुझे भी तुम लोगों के साथ मज़ा करना है। मैंने तुम्हारा वीडियो तुम्हारी मम्मी को दिखाया। वीडियो देखकर उन्होंने कहा कि तुम तो उनसे भी अच्छी सिंगर बनोगी!’ यह सुनकर कोको की खुशी और बढ़ गई।
‘को...को...को...को... कहाँ हो तुममम?... ’ कोई गाते-गाते आया।
गाने की आवाज़ सुनकर कॉफी कानों पर हाथ रखकर बोली, ‘आ गया?’ ‘हाँ...’ कोको ने हँसते हुए कहा।
  ‘तुम जाकर जल्दी से दरवाज़ा खोलो। अगर उसका गाना ज्यादा देर तक चला तो जंगल में गाने पर बैन लग जाएगा।’ ऐसा कहकर कॉफी ने फोन रख दिया।
दरवाजे़ के बाहर पार्सली कानों पर बड़े हेडफोन लगाए ज़ोर-ज़ोर से गा रहा था। ‘शायद वह खुद भी खुद को नहीं सुन पा रहा होगा!’ कोको ने मन में सोचा और हँस पड़ी। उसे हँसते हुए देखकर पार्सली बोला, ‘तुम मेरी सिंगिंग सुनकर कितनी खुश होती हो! मैंने सुबह आलू भाई और चिली से कहा कि चलो, हम गाना गाते-गाते कोको को बुलाने चलते हैं।’ यह सुनकर दोनों का मुँह ऐसा हो गया जैसे किसी ने सुबह-सुबह मेथी का लड्डू खिला दिया हो। चिली ने मुझसे कहा, ‘हमें आलू की स्केटिंग प्रैक्टिस के लिए जाना है।’ मैं कुछ कहूँ इससे पहले ही दोनों चले गए। लेकिन मैंने सोचा है कि  ‘आज शाम को थीओ के कैफे पर जब तुम लोग गाना गाओगे तब आखिरी में मैं भी एक गाना गाऊँगा। शायद मेरा गाना सुनकर मेरा बेस्ट फ्रेन्ड मुझे ढूँढ ले!’ 

  ‘तुम्हारा गाना सुनेगा तो तुम्हारा बेस्ट फ्रेन्ड दूर से ही भाग जाएगा।’, कोको बहुत धीरे से बोली।
  ‘क्या? क्या कहा?’ पार्सली ने पूछा।

  ‘कुछ नहीं। चलो, हम स्कूल चलते हैं। तुमने स्कूल के नोटिस बोर्ड पर ‘न्यू बेस्ट फ्रेन्ड’ के लिए विज्ञापन लगाया है न? उसका क्या हुआ वह भी तो देखना पड़ेगा ना?’ कोको ने बात बदल दी।

पार्सली तो इस विचार से ही पंख फैलाकर उड़ने लगा। कोको भी उसके पीछे घर बंद करके निकल पड़ी। उसके चेहरे पर एक बड़ी-सी स्माइल थी। उसे अभी भी याद था कि किस तरह डरते-डरते चिली उससे माफी माँगने आया था। आलू के पीछे छिपकर चिली बोला था,  ‘कोको, सॉरी, मैंने तुम्हारे साथ बहुत बुरा व्यवहार किया। अब मैं कभी ऐसा नहीं करूँगा। मैं तुम्हारे लिए चिली शेक भी लाया हूँ।’ फिर उसने आधा पिया हुआ चिली शेक दिया था और ऊपर से बोला था, ‘सॉरी, टेन्शन में मैं थोड़ा चिली शेक पी गया!’ जिसके जवाब में आलू  ने हँसते हुए कहा था, ‘थोड़ा ही?’ और यह सुनकर चिली पहले से भी ज्यादा लाल हो गया था। उसे देखकर कोको को हँसी आ गई थी।
कोको को हँसते देखकर चिली आलू के पीछे से बाहर आया और कहा, ‘अब जब तुमने मुझे माफ कर दिया है, तो मैं तुमसे कहना चाहता हूँ कि हम दोनों मिलकर एक बैंड बना लेते हैं। बैंड का नाम 'कोको-चिली' रखेंगे। और तुम देखना हमारा बैंड पूरे जंगल में बेस्ट होगा! उसमें लीड सिंगर हम दोनों बनेंगे और थीओ के कैफे पर हर वीकेन्ड अपना कॉन्सर्ट करेंगे! तुम यहाँ रहकर दुनिया की बेस्ट सिंगर बन जाओगी!’, इतना बोलकर वह आसमान में उड़ते हुए गाने लगा!कोको थोड़ा आश्चर्य और शॉक के साथ चिली की तरफ देखती रह गई। आलू उसके पास आकर बोला,  ‘वेलकम टू द ग्रुप कोको! चिली इसी तरह फ्रेन्डशिप करता है। अब तुम्हारी इच्छा हो या न हो वह लाइफटाइम (जीवन भर) तुम्हारा फ्रेन्ड रहेगा। तुम्हारी खुशी का कारण वह खुद ही है इस तरह बात करेगा और तुम्हारे दुःख में किसी से भी झगड़ा कर बैठेगा।’     

उस दिन से कोको को जंगल में अकेला नहीं लगता था। कोको-चिली बैन्ड बन गया। उन्हें सुनने के लिए हर वीक (सप्ताह) पूरा जंगल इकट्ठा होता था।

चिली और कोको रोज़ साथ में सिंगिंग प्रैक्टिस करते थे। पार्सली को इस प्रैक्टिस से दूर रखने की ड्यूटी आलू को मिली थी। अब पार्सली के जीवन में दो ही लक्ष्य थे चिली जैसा सिंगर बनना और आलूभाई जैसा बेस्ट फ्रेन्ड ढूँढना! इन दोनों बातों के लिए वह कुछ भी करने को तैयार था!  

बस, अब न कोई ईर्ष्या थी, न कोई अकेलापन! सब साथ थे और इसीलिए खुश थे!  

 

Cookies Consent

This website use cookies to help you have a superior and more relevant browsing experience on the website. Read more...