आलू ने चिली से कहा कि एक हफ्ते पहले कोको की मम्मी और उसका बेस्ट फ्रेन्ड दोनों शहर के बड़े स्कूल में चले गए हैं। जिस तरह चिली ने आलू के बुरे वक्त में उसका साथ दिया था, उसी तरह आलू भी कोको का अच्छा फ्रेन्ड बनना चाहता था, ताकि कोको को जंगल में अकेला न लगे।
अब जाकर कोको के इस सॉन्ग का मतलब चिली को समझ आया था‘ यह मित्रता कैसी है? कोको अकेली घूमे... कब मुझसे सब खुश होंगे? मन में सवाल करे...।’
‘चिली, अगर तुम हार जाते तो तुम्हारे पास तुम्हारे मम्मी-पापा हैं, मैं हूँ, पार्सली भी है!’ ऐसा कहकर आलू ने खिड़की की तरफ देखा तो वहाँ पार्सली मुँह खुला रखकर सो गया था। उसके मुँह से लार टपक रही थी। सिर्फ पार्सली ही इस तरह बात करते-करते सो सकता है ।
‘तुम्हारे पास हम सब हैं, लेकिन कोको...’
‘कोको अकेली है। उसका आत्मविश्वास भी टूट गया था। उस पर अगर वह इस कॉम्पिटिशन में भी हार जाती, तो वह पूरी तरह निराश हो जाती। वह इसे सहन नहीं कर पाती। उसका जीतना बहुत ज़रूरी था। अगर वह इसमें जीत जाती है, तो अगले साल फिर से स्कूल में अप्लाई कर सकती है। और पूरे जंगल में पहले नंबर पर आने से उसे एडमिशन मिलने में भी हेल्प होगी!’ चिली ने आलू की बात पूरी की।

‘मैं तुम्हें यही कहना चाहता था, लेकिन तुम अपनी ईर्ष्या के कारण कुछ भी सुनने को तैयार ही नहीं थे!’ आलू ने कहा।
चिली को आलू की कही सारी बातें याद आने लगीं।
‘चिली, मुझे लगता है कि इस बार की सिंगिंग कॉम्पिटिशन की विनर तो कोको ही बनेगी!’ ‘आज तुम जीतो या हारो... हम कॉम्पिटिशन के बाद पार्टी करेंगे।’ आलू कोको का साथ क्यों दे रहा था, वह और पार्सली कॉम्पिटिशन से पहले क्या बात करने आए थे, थीओ और जिफ्फी कोको को एडवेंचर पर क्यों ले जाना चाहते थे और चिली की पार्टी में आलू कोको को क्यों लाया था, यह सब अब उसे अच्छी तरह समझ आ गया था।
साथ ही, यह भी समझ में आ गया कि ईर्ष्या के कारण ही उसने कोको से कहा था कि ‘हाय कोको, बेस्ट ऑफ लक! तुम्हारे घर से कोई तुम्हारी जीत देखने नहीं आया? शायद उन्हें भी पता होगा कि तुम नहीं जीतोगी।’
आलू की बात बिल्कुल सही थी। इस ईर्ष्या ने उसे अंधा बना दिया था। ईर्ष्या चिली को तो जला ही रही थी, लेकिन साथ ही उस जलन में उसने कोको को भी भला-बुरा कहकर उसका दिल जलाया था।
‘आलू, क्या कोको मुझे माफ करेगी?’ चिली ने धीमी आवाज़ में पूछा।
‘छी... ली... भाई... तुम्हारे जैसे बेस्ट फ्रेन्ड को कौन माफ नहीं करेगा? सुनो, मैं आलू भाई जैसा ही एक बेस्ट फ्रेन्ड ढूँढ रहा हूँ। तुम इसके लिए मुझे अखबार में छापने के लिए एक विज्ञापन लिखकर दो। तो मैं तुम्हें कोको को मनाने में मदद करूँगा।’ पार्सली ने पलके झपकाते हुए कहा।
उसकी बात सुनकर आलू हँस पड़ा। आलू को हँसता देख चिली उड़कर उसकी सूँढ से लिपट गया और बोला, ‘सच बताओ, तुम उसे रोज चिली शेक पिलाते हो ना? उसे तुम्हारे जैसा ही बेस्ट फ्रेन्ड क्यों ढूँढना है?’
आलू हँसते हुए बोला, ‘अरे चिली, मेरा दम घुट रहा है, मेरी सूँढ से हटो!’ चिली को बहुत मज़ा आ रहा था। वह ज़ोर-ज़ोर से हँस रहा था। आलू भी बहुत खुश था, क्योंकि इतनी कोशिशों के बाद आखिरकार उसे अपना पुराना हँसता-बोलता चिली वापस मिल गया था।




