आलू के साथ फ्रेन्ड्शिप तोड़कर चिली आलू के ही घर झगड़ा करने गया और इंतजार करते हुए सो गया। आलू ने उसे जगाया। सिंगिंग कॉम्पिटिशन की बात याद आने पर फिर से चिली का शरीर जलने लगा। उसने आलू से कुछ करने को कहा ताकि उसके शरीर में जलना बंद हो जाए। देखते हैं आगे चिली क्या कहता है।
मैं गोल-गोल उड़ रहा था, तभी आलू ने अपनी मोटी सूंड़ ऊपर ऊठा ली। मेरा पेट उसकी सूंड से टकराया। मेरे पेट के सारे लड्डू गोल-गोल घुम गए। उसने मुझे पकड़कर खिड़की में बिठा दिया। और मुझसे कहा, ‘तुम सिंगिंग क्यों करते हो? तुम मेरे साथ स्केटिंग करो न! मुझे लगता है कि तुम एक बेस्ट स्केटर बनोगे तो सारी कॉम्पिटिशन जीतोगे!’ मैं सोच में पड़ गया कि यह आलू को क्या हो गया है? मैंने उससे कहा, ‘मुझे स्केटिंग नहीं करनी।’ तो मुझसे कहने लगा, ‘प्रॉमिस, मैं तुम्हें फर्स्ट आने दूँगा। तुम वर्ल्ड के बेस्ट स्केटर बन जाओगे।’ ये आलू कैसी बातें कर रहा है? मैं चिढ़ गया, ‘मुझे स्केटिंग नहीं करनी। मुझे स्केटिंग पसंद ही नहीं है और मैं स्केटिंग कैसे कर पाऊँगा? अगर करने जाऊँगा तो मेरे पंखों की वजह से मैं उड़ जाऊँगा। वर्ल्ड का बेस्ट स्केटर हो या जंगल का बेस्ट स्केटर हो, मुझे स्केटर ही नहीं बनना है! तुम कैसी बात कर रहे हो।’
और फिर मेरी बात सुने बिना ही वह कहने लगा, ‘चिली, तुम्हें याद है, जब तुमने हमारा फ्रेन्ड्शिप सॉन्ग बनाया था और मुझे पहाड़ पर ले जाकर सुनाया था?’ मैं उलझन में पड़ गया कि ये आलू अभी यह बात क्यों कर रहा है? उसने मुझसे पूछा, ‘क्या तुम्हें याद नहीं? अरे, सामने वाले पहाड़ से तुम्हारे सॉन्ग की गूँज सुनकर मुझे तो बहुत मज़ा आ गया था!’
यह सुनते ही मुझे वह दिन याद आ गया। मैंने आलू के लिए वह सॉन्ग बनाया था और उसके बर्थ-डे पर उसे सुनाया था। आलू इतना खुश हो गया था कि उसने मेरे सॉन्ग पर डॉन्स करने की कोशीश की थी! वह बात याद करके मुझे हँसी आ गई।
तभी आलू ने कहा, ‘लेकिन उस समय तुम्हें सिंगिंग करना बिल्कुल पसंद नहीं आया होगा न?’ मैंने पूछा, ‘क्यों? मुझे तो सिंगिंग करने में बहुत मज़ा आया था।’ तो मुझसे कहने लगा, ‘वहाँ तो कोई तुम्हें सुनने भी नहीं आया था, मैंने तुम्हें कोई प्राइज़ भी नहीं दिया था, तुम्हें मज़ा क्यों आया?’ यह कैसी बात कर रहा है, मैंने उसे तुरंत जवाब दिया, ‘मैं थोड़ी न लोगों को सुनाने के लिए गाता हूँ। मुझे तो वैसे भी गाना पसंद है। और तुम क्यों मुझे प्राइज़ दोगे, तुम्हें मेरा सॉन्ग पसंद आया वही मेरे लिए सबसे बड़ा प्राइज़ था।’
आलू एकदम सिरियस हो गया और मुझसे कहने लगा, ‘तो चिली, तुम इतनी सिम्पल बात कैसे भूल गए कि तुम्हें गाने में मज़ा आता है, जीतने में नहीं। मेरे साथ हो या अकेले हो, उड़ रहे हो या सिंगिंग कॉम्पिटिशन में हो या चिली शेक पी रहे हो, तुम्हें तो गाने में ही मज़ा आता है। तुम इसलिए नहीं गाते क्योंकि तुम एक बेस्ट सिंगर बनना चाहते हो, बल्कि इसलिए गाते हो क्योंकि तुम्हें गाना पसंद है! अगर बेस्ट ही बनना होता तो तुम स्केटिंग, डॉन्सिंग या कुछ और भी कर सकते हो न। लेकिन तुम सिंगिंग सिलेक्ट करते हो क्योंकि तुम्हें सिंगिंग पसंद है।’



